दिल्ली में अब तक एक ही व्यक्ति में कोरोना की पुष्टि हुई है। दिल्ली सरकार उसके संपर्क में आने वाले 88 लोगों की पहचान कर जांच कर रही है। एयरपोर्ट पर आने वाले सभी यात्रियों की थर्मल स्कैनिंग कराने के साथ सरकार 14 दिन तक नजर भी रखेगी। कोरोना वायरस से पैदा हुए हालात से निपटने के लिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की अध्यक्षता में दिल्ली सरकार ने एक राज्यस्तरीय टास्क फोर्स का गठन किया है। इसमें दिल्ली पुलिस समेत सभी संबंधित सिविक एजेंसियां शामिल हैं। दिल्ली सचिवालय में बुधवार को टास्क फोर्स की पहली बैठक हुई। इसमें संबंधित विभागों को उनकी जिम्मेदारियों की जानकारी दी गई।
टास्क फोर्स की बैठक के बाद दिल्ली सचिवालय में मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दूसरे देश से आने वाले सभी यात्रियों की थर्मल स्कैनिंग की जा रही है। कोरोना वायरस के लक्षण मिलने पर उन्हें आरएमएल अस्पताल भेजा जा रहा है। इसके लक्षण 14 दिन बाद तक पैदा होने की आशंका को देखते हुए सभी यात्रियों की निगरानी की जा रही है।
केजरीवाल के मुताबिक, अभी तक एक व्यक्ति में कोरोना की पुष्टि हुई है। वह इटली से बुडापेस्ट व वियना होकर दिल्ली पहुंचा था। मयूर विहार निवासी इस व्यक्ति का फिलहाल सफदरजंग अस्पताल में इलाज चल रहा है। दिल्ली पहुंचने पर उसका 88 लोगों से संपर्क हुआ था। ऐसे में इन सभी 88 लोगों की पहचान कर जांच की जा रही है। केजरीवाल ने बताया कि अभी तक 116589 यात्रियों को एयरपोर्ट पर स्कैन किया गया है।
एनडीएमसी समेत तीनों नगर निगम कोरोना वायरस से प्रभावित देशों से आने वाले पर्यटकों की स्कैनिंग कर रहे हैं। अरविंद केजरीवाल ने बताया कि अभी तक कोरोना वायरस से प्रभावित देशों से 5769 यात्री दिल्ली पहुंचे हैं। इनमें से 4445 यात्रियों की जांच की गई है। इनमें से किसी भी यात्री में लक्षण नहीं मिले। वहीं 1324 यात्रियों से संपर्क नहीं हो सका है, उनकी पहचान की जा रही है।